Swargvibha
Dr. Srimati Tara Singh
Administrator

दिल्ली नज़र आई की समीक्षा

 

अभिमत

 

संवेदना, संजीदगी और सदाशयता की पावन त्रिवेणी से अभिषिक्त, अभिमंत्रित व अभिपोषित ये अनुपम गज़ल संग्रह “दिल्ली नज़र आई” आपके सुकोमल हाथों में सौंपते हुए प्रसन्नता मिश्रित आनंद की सघन अनुभूति हो रही है। यह नन्दीलाल 'निराश' जी का आठवां गज़ल संग्रह है। नन्दीलाल जी पेशे से अवकाश प्राप्त बैंकर, मस्तिष्क से प्रखर चिंतक,  हृदय से सतत साहित्य साधक और मन से स्थिर चित्त हैं। आपकी रचनाधर्मिता की साहित्य साधना के लगभग पाँच दशक से अधिक समय हो गया है।

नन्दीलाल 'निराश' जी का नाम किसी परिचय का मुहताज (आश्रित) नहीं है। हर रचनाकार अपना अलग मिजाज रखता है और वह अपने देशकाल, अपनी पारिवारिक, सामाजिक, राजनैतिक साथ ही आर्थिक परिस्थितियों से पूर्णतः या अंशतः प्रभावित होता है। इन सबके दबाव व प्रभाव के तहत ही वह अपनी कालजयी कलम से हृदय में अनुभूत सत्य को उद्भासित करता है। वही अनुभूत सत्य सत्यं शिवं सुन्दरम् (सत्यं शिवं सुन्दरम् किसी वस्तु या नीति के जाँच की कसौटी प्रस्तुत करने वाला वाक्य है। इसका अर्थ है कि कोई चीज यदि सत्य है, कल्याणकारी है, और सुन्दर है– तभी वह ग्राह्य है।) का अनुपम प्रलेख (दस्तावेज़) बनकर आप जैसे सुधी पाठकों के हृदय को आनंदित, आंदोलित और तरंगित करता है। साहित्य में इसी को परिभाषित शब्दावली में काव्ययात्रा कहा गया है जो एक हृदय से निकलकर बिना क्षय के दूसरे हृदय तक पहुँचती है।

भारतीय उपमहाद्वीप में, गज़ल की शुरुआत 12वीं शताब्दी में फ़ारसी कवि अमीर खुसरो द्वारा की गई थी, जिन्हें फ़ारसी और भारतीय संगीत परंपराओं को मिलाकर गज़ल का एक नया रूप बनाने का श्रेय दिया जाता है। तब से लेकर गज़ल ने आज तक एक लंबा सफ़र तय किया है। इस सफ़र में गज़ल ने कई उतार-चढाव भी देखे और आत्मसात किए। उर्दू-फ़ारसी गज़ल के समानांतर विकसित होती हुई हिंदी गज़ल की परंपरा का जो स्वरूप आज हमारे सम्मुख विद्यमान है, उसे देखकर लगता है कि हिंदी गज़ल आज मुग्धा नायिका की सुकोमल हथेलियों पर चित्रित मेहंदी की दंतकथा नहीं, अपितु भाषा के भोजपत्र पर अंकित विप्लव का बीजमंत्र है। अंधेरी सुरंग में जलती हुई मशाल जैसा अस्तित्व रखनेवाली हिंदी गज़ल का स्वरूप विलासिता के रंग में रंगी दरबारी सभ्यता एवं संस्कृति से पूर्णतया विच्छिन्न है, जो दीर्घकाल तक नायिका के सुडौल शरीर का भूगोल वाचन करती रही और पीड़ितों की कराहों से नहीं, आशिकों की आहों से संबद्ध रही। वर्तमान हिन्दी गज़लों की इसी फ़ेहरिस्त (सूचीपत्र ) में एक स्वयंसिद्ध नाम नन्दीलाल ‘निराश’ जी का विगत कई दशकों से शामिल है। आपकी पारखी और संवेदनशील साहित्यिक नज़र गतिशील चरित्र वाले इंसान के व्यवहार में आयी स्तरीय गिरावट को समझने में तनिक भी विलंब नहीं करती–

 

राज उनके प्यार के   सब हम उठा लाये,

हो गए उस्ताद      हम जो सेंध मारी में॥

 

किसी के विषय में कुछ कहने से पहले उसको सही ढंग से समझना फिर दिल से प्रशंसा करना, दिमाग से हस्तक्षेप करना और विवेक से प्रतिक्रिया देना, इसी में ही समझदारी है अन्यथा मौन रहना ही श्रेयस्कर है। एक कहावत है सत्य मौन इसलिए हो जाता है क्योंकि उसे पता है कुछ बातों का जवाब सिर्फ समय देगा। ऐसे ही समय के अनुत्तरित सवालों का जवाब है ये गज़ल संग्रह। महानगरीय परिवेश में रहने के बाद भी आपके संवेदनशील हृदय में गाँव की वही छवि जो स्वाधीनता (आज़ादी) से पहले मुंशी प्रेमचन्द के हृदय में बसती थी, दिखाई पड़ती है–

 

गाँव नगर की चौपालों पर बिछने लगे बिछौने फिर।

गर्म सियासत के चूल्हे पर चढ़ने लगे भगौने फिर॥

 

सजा हुआ बाजार हुस्न का कोठों और बरोठों पर,

बुधिया की नीलाम हो रही इज्जत औने पौने फिर॥

 

अनुभूति की तीव्रता और संवेदना की गहराई आपकी गज़लों को विशेष बनाती है। जीवन सरलता से कब चल पाता है? कभी तूफान, कभी झंझावात और कभी झंझानिल तो आते ही रहते हैं। ये सच हर आदमी भलीभाँति जानता है। यही कठिनाइयाँ जीवन को उजास देती है, साहस देती है, सफलता देती है, पर इसे सबके लिए स्वीकार करना मुश्किल होता है। सहृदय रचनाकार की रचनाधार्मिता ही इसे स्वीकार करके रास्ते की पहचान कराती है। यही स्वीकारोक्ति मुस्कान के साथ मुश्किलों को भी स्वीकारती है।

बेचेनियाँ कभी सवाल करती है कभी खुद ही जवाब भी तलाश लेती है। नई परिभाषाएँ बनती है जीवन में। पुराने सिद्धांत बदलते जाते है। कभी वक़्त के हाथों छोड़ना भी होता है। जीवन का ये लचीलापन ही सहज बनाता है। ये सत्य मन को कभी तोड़ता है तो कभी जोड़ता है।

 

घर का परनाला अभी तक ठीक कर पाए नहीं,

बाँधने में लग गए हैं    अब नदी की धार लोग॥

 

भूल कर के सब पुरानी सभ्यता रिश्ते तमाम,

व्यक्त करते हैं नए   अंदाज में आभार लोग॥

 

नन्दीलाल ‘निराश’ जी की गज़लों में अपने रूप, प्रकृति एवं तरतीब की विशेषताओं के कारण उनमें लोच और लचक विद्यमान है। वे हर गज़ल अपने खयाल और अहसास को पूरे सौंदर्य के साथ बयान करने की गुंजाइश रखते हैं। नन्दीलाल 'निराश' जी की गज़लों में युगीन चेतना के स्वर है। उनकी गज़लों में सुकुमार प्रकृति है, मधुमास है, किसान का संघर्ष है, मज़दूर की घुटन है, स्तरहीन सियासत है, तुहिन-कण से अभिषिक्त ताज़गी भरी सुबह है, चढ़ते हुए दिन की तपिश है, शबनमी शाम है, भीगी हुई चाँदनी रात है,  रिश्तों की दरकन हैं, औरत है, उन्मुक्त परिंदे हैं, प्रेम है, पीड़ा है, मिलन के साथ वियोग है, देश है, धरती है, बारिश है, गाँव है, शहर है, अतीत है, आँसू हैं, पंछी हैं, पानी है, फाल्गुन है और सावन भी है।

मेरी गजलों में घर आँगन होता है।

सच मानो हर रिश्ता पावन होता है॥

 

जब- जब आती याद बहन को भाई की,

तब-तब इन आँखों में  सावन होता है॥

 

आपकी बहुआयामी रचनाधार्मिता में कहीं भी भावों का दोहराव नहीं है। जैसा कि ये आपका आठवां गज़ल संग्रह है इसके बावजूद भी आपकी हर गज़ल में मौलिकता है, नवीनता है। मानवीय मिलन, विरह, उत्कंठा, लालसा, उल्लास, आनंद, व्यथा आदि के अनेक चित्र उनकी कलात्मक शब्दावली के माध्यम से ज़ाहिर है। प्रसिद्ध दार्शनिक और विचारक ओशो ने कभी कहा था–“खोजना है तो जिंदगी खोजो, मृत्यु तो वैसे ही एक दिन खोज लेगी।” यही सूक्तिवाक्य आपके सतत चिंतन और लेखन का मूलाधार है जो जिंदगी की खोज में अहर्निश तत्पर है।

आपकी भाषा सरल है, सहज है, सुगम है, स्वाभाविक है और रचनाधर्मिता के सर्वथा परिवेशानुकूल है। कहीं भी पांडित्य का दुर्धर बोझ नहीं है। आपकी गज़लों का प्रवाह देखते ही बनता है।

 

कुछ तो मौसम देख स्वयं को आप बदल लेते,

लेकिन कुछ को धीरे-धीरे वक्त बदलता है॥

 

पैसा पुष्प प्रलोभन प्रतिभा प्रेम पराक्रम पर,

राजनीति के दाँव पेंच में सब कुछ चलता है॥

 

इस संग्रह की गज़लों को पढ़कर आपको भोगे हुए यथार्थ की झलक मिलेगी। संरचना की द्दष्टि से नन्दीलाल ‘निराश’ जी की गज़लें समसामायिक हैं तथा उनकी गज़लों के विषय का मधुरिम कैनवास हमारे अपने इर्द-गिर्द का है। नन्दीलाल जी पर माँ सरस्वती की कृपा बरसती रहे। वे यशस्वी हों, दीर्घायु हों इन्हीं स्वस्थ मंगल कामनाओं के साथ उच्च सम्मानित मानवीय जीवन मूल्यों के प्रबल पक्षधर श्री नन्दीलाल ‘निराश’ जी को इस सुन्दर सारगर्भित गज़ल संग्रह के लिए निजी तौर पर  मेरी तथा हिन्दी साहित्य की ओर से बहुत-बहुत शुभकामनायें।

अंत में इस गज़ल संग्रह के शीर्षक (दिल्ली नजर आई) की सार्थकता में मैं अपनी सहमति देता हूँ कि–

 

हिमाकत देखिए डर करके पीछे हट गया पल में,

कहीं जंगल में चलते शेर को बिल्ली नजर आई॥

 

बदल डाले मुखौटे, भेष, बाने,    वस्त्र       लोगों ने,

यहाँ पर हर किसी को ख्वाब में दिल्ली नजर आई

 

श्री ‘निराश’ जी की रचनाओं के झरोखे के माध्यम से उनके जीवन के भावनात्मक पहलुओं से परिचित होने की हर संभावना पूर्ण हुई है। कितनी सरलता से संवाद करती है, उनकी रचनाओं में हम इसे आसानी से पढ़ सकते हैं देख सकते हैं।

—अमरेश सिंह भदौरिया

 



 





Powered by Froala Editor

LEAVE A REPLY
हर उत्सव के अवसर पर उपयुक्त रचनाएँ